दर्दनाक : सुबह घर से निकले दो बाहरवी के छात्रों को कुचला ट्रैक्टर-ट्रॉली ने, हुई मौत

सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत शहर के गांव खेवड़ा के पास सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कक्षा 12वीं के दो छात्र यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना राई पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। हादसे की छानबीन जारी है।

हादसे में मारे गए दोनों छात्र। - Dainik Bhaskar

बताया गया है कि गांव पलड़ा निवासी मो. सादिक (17) और मो. सोएब (18) कक्षा 12वीं में पढ़ते हैं। सोमवार को हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल की छुट्टी थी। दोनों घर से किसी काम से निकले थे। वे सुबह साढ़े 8 बजे के करीब सोनीपत-मेरठ रोड पर स्थित गांव खेवड़ा के पास पहुंचे थे।

इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली उनको कुचलते हुए निकल गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पुलिस को भी दी गई। इस बीच ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

चाचा ने छोड़ा था

परिजनों ने बताया कि सादिक और सोएब दोनों सुबह अपने चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर घर से निकले थे। सादिक का चाचा दोनों को खेवड़ा के पास छोड़कर चला गया। दोनों गांव से पैदल निकल रहे थे तो एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। थाना राई पुलिस इस हादसे की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा।

थाना प्रभारी बोले…

राई थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है। ट्रैक्टर चालक फरार है और ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर उसका पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version