सोनीपत में 15 साल की बेटी का गुपचुप ढंग से कर दिया संस्कार; ऑनर किलिंग के शक में माता-पिता गिरफ्तार

सोनीपत : हरियाणा में सोनीपत जिले के पुरखास गांव में एक शख्स ने अपनी 15 साल की बेटी की जहर देकर हत्या कर दी। उसने सुबह 5 बजे बिना किसी को बताए बेटी का अंतिम संस्कार भी कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गन्नौर थाना पुलिस की टीम गांव पहुंची और लड़की के माता-पिता से पूछताछ की।

प्रतीकात्मक फोटो - Dainik Bhaskar

पूछताछ के दौरान शक होने पर पुलिस दाेनों को गन्नौर थाने ले आई और हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया। पुलिस दोनों से उनकी बेटी की मौत के कारण जानने का प्रयास कर रही है। पुलिस इस मामले में ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच कर रही है।

गन्नौर थाने में दर्ज पुलिस FIR के अनुसार, पुरखास गांव में महासिंह अपनी पत्नी बबीता के साथ रहता है। दो दिन पहले महासिंह की सबसे बड़ी बेटी की अचानक मौत हो गई और उसने किसी को कुछ भी बताए बगैर गुपचुप तरीके से उसका संस्कार कर दिया। उसी दौरान किसी ने गन्नौर पुलिस को मामले की सूचना दे दी। लड़की की मौत की वजह जानने के लिए पुरखास गांव पहुंची पुलिस टीम को प्राथमिक पूछताछ में महासिंह और उसकी पत्नी बबीता की बातों पर शक हो गया। ऐसे में पुलिस पहले महासिंह को थाने ले आई और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद उसकी पत्नी बबीता को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

DEMO PICTURE

अस्थियां मधुबन लैब भेजी

पुलिस की एक टीम शुक्रवार को एफएसएल टीम के साथ पुरखास गांव के श्मशानघाट भी पहुंची और वहां से लड़की की अस्थियां कब्जे में ले लीं। इन अस्थियों को जांच के लिए मधुबन लैब भेज दिया गया।

3 भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी मृतका

महासिंह और बबीता के तीन बच्चे हैं एक लड़की और दो लड़के हैं। महासिंह की सबसे बड़ी बेटी की उम्र 15 साल थी जबकि दोनों बेटों की उम्र 12 साल और 6 साल है। गांव में चर्चा है कि प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद यह हत्या की गई है।

Exit mobile version