मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी: पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में आज और कल हो सकती है तेज बरसात

चंडीगढ़ : पश्चिमी विक्षोभ के कारण चार से छह जनवरी तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ का मौसम प्रभावित रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पांच जनवरी को चंडीगढ़ के साथ पंजाब व हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इसके लिए चेतावनी भी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार चार जनवरी को चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

पांच जनवरी को हरियाणा में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, जबकि पंजाब के उत्तरी भागों में छिटपुट स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना है। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ आंधी, बिजली और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके बाद एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के छह जनवरी की रात से उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव में 7 से 8 जनवरी के दौरान चंडीगढ़ सहित पंजाब और हरियाणा में फिर से बारिश हो सकती है। इस अवधि के दौरान चंडीगढ़ सहित दोनों राज्यों में कई स्थानों पर गरज के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज हुई, दिल्ली एनसीआर में 5 से 8 जनवरी के बीच बारिश हो सकती है, तो वहीं दूसरी तरफ राजस्थान में भी बारिश का अनुमान है, दिल्ली में तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर जारी है। फतेहपुर सीकर बीते दिन सबसे ठंडा जिला रहा। राजस्थान में मंगलवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। अनुमान है कि जिसकी वजह से राज्य में बारिश और ओलावृष्टि होगी। पहाड़ों में बर्फबारी का दौर भी जारी है।

पंजाब और हरियाणा में गुरुग्राम सबसे ठंडा स्थान रहा

पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया और गुरुग्राम दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 12.4 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य जिलों में भी तापमान इतना ही दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो अन्य जिलों की तुलना में ज्यादा था।

मौसम विभाग की हिदायत

Exit mobile version