भिवानी : हरियाणा के भिवानी में बदमाशों के बीच बुधवार को जमकर गोलियां चली। बदमाश तो बच निकले, लेकिन एक गोली वहां से गुजर रहे युवक के पैर में लगी। उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल करी बदमाशों की पहचान की कोशिश कर रही है।

बताया गया है कि भिवानी के गरिमा गार्डन के पास बदमाशों के दो गैंगो में बुधवार को झगड़ा हो गया। इस बीच दोनों तरफ से गोलियां चलने लगी। इसी बीच डाबर कॉलोनी निवासी शुभम वहां से गुजर रहा था। बदमाशों के आपसी झगड़े में चल रही गोलियों में से एक गोली शुभम के पैर में जा लगी। कुद देर बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
गोली लगने से घायल शुभम को शहर के चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रैफर कर दिया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दिनदहाड़े बदमाशों की गैंगवार और उनमें गोलियां चलने से पूरे क्षेत्र में दहशत रही। लोग घरों में छिपे रहे। युवक को गोली लगने के बाद सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की तो वहां से गोलियों के 12 खोल बरामद हुए हैं। झगड़ा किनके बीच में और क्यों हुआ, इसके बारे में लोगों को कोई जानकारी नहीं है।
शुभम ने बताया कि वह तो घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। गरिमा गार्डन के पास बदमाशों के दो गुटों में अंधाधुंध गोलीबारी हो रही थी। अचानक से उसे गोली लगी। वह गोली चलाने वालों में किसी को पहचानता नहीं है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।