रक्षाबंधन से पहले 2 साल के बेटे को फांसी पर लटकाकर खुद भी फंदे पर झूल गई, जानें मामला

झज्जर : झज्जर के पलड़ा गांव में दहेज प्रताड़ना से तंग होकर एक विवाहिता ने अपने दो साल के बेटे संग खुदकुशी कर ली है। महिला ने पहले अपने दो साल के बेटे को फांसी के फंदे पर लटकाया और उसके बाद खुद भी फांसी पर झूल गई। जानकारी के मुताबिक महेंद्रगढ़ के बिचौड़ियां निवासी सुमित्रा की शादी 31 अक्टूबर 2017 को झज्जर के पलड़ा निवासी मनीष के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के एक बेटा भी था।

 

मृतका के मामा लालसिंह ने बताया कि उसके जीजा की मौत हो गई थी जिसके बाद उन्होंने ही अपनी भांजियों को संभाला था। उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी की थी और दान दहेज दिया था, लेकिन सुमित्रा के ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं हुए थे।

आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर सुमित्रा को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था। और उसके साथ मारपीट करते थे। इसके लिए कई बार पंचायती तौर पर समझाया भी था, लेकिन वो नहीं माने।

बुधवार को भी ससुराल वालों ने सुमित्रा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया और घर से निकाल दिया। रात को नौ बजे ससुराल वालों ने इस घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि सुमित्रा व उसके बेटे करीब 2 वर्षीय हंसू फांसी पर लटके हुए मिले।

लालसिंह ने संदेह जताया कि ससुराल वालों ने दोनों मां-बेटे को फंदे पर लटकाया है। ससुराल वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

बेरी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर पहुंचकर भी जांच की। मृतका के मामा लालसिंह के बयान पर सुमित्रा के पति, सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version