हरियाणा की दो बेटियों का यूथ एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप में चयन, देशभर में चयनित 12 में से 10 खिलाडी हरियाणा के

कैथल : मार्च में जार्डन में होने वाली यूथ एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप के लिए कैथल की दो बेटियों का चयन हो गया है। स्पर्धा में कीर्ति ढुल 81 प्लस और स्नेहा 75 से 81 किलो भारवर्ग में भाग लेंगी। जार्डन जाने वाली भारत की टीम में चयन के लिए रोहतक में तीन से छह जनवरी को खिलाड़ियों के ट्रायल लिए गए थे। देशभर से 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिसमें से दस खिलाड़ी हरियाणा से हैं।

बाक्सिंग प्रशिक्षक राजेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह और विक्रम ढुल ने बताया कि दोनों खिलाड़ी अंबाला रोड स्थित आरकेएसडी कालेज में बने बाक्सिंग प्रशिक्षण केंद्र पर अभ्यास करती हैं। दोनों खिलाड़ी पहले भी कई बार जिले का नाम रोशन कर चुकी हैं। अब जल्द ही रोहतक में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए कैंप लगेगा। उसके बाद फरवरी के पहले सप्ताह में सर्बिया में होने वाली स्पर्धा में भाग लेंगी।

कीर्ति ने जूनियर एशियन चैंपियनाशिप में जीता था स्वर्ण पदक 

मूल रूप से गांव हरसौला की 16 वर्षीय कीर्ति ढुल अब नेहरू गार्डन कालोनी में रह रही हैं। कीर्ति के पिता नरेश ढुल सेना में कर्नल हैं और इस समय हिसार कैंट में कार्यरत हैं। चाचा विक्रम ढुल अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाक्सर रहे हैं और उन्हें देखकर ही कीर्ति ने खेलना शुरू किया था। दुबई में 18 से 30 अगस्त तक हुई जूनियर और यूथ एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप में कीर्ति ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा भी खिलाड़ी ने 2018 में भोपाल में हुई स्कूल नेशनल में कांस्य पदक। 2019 में दिल्ली में हुई स्कूल नेशनल में स्वर्ण पदक। 2021 में गोहाना में हुई जूनियर स्टेट बाक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

खेलो इंडिया में पदक जीत चुकी है स्नेहा 

गांव क्योडक निवासी 17 वर्षीय स्नेहा तीन साल से बाक्सिंग में मेडल बरसा रही हैं। स्नेहा के पिता चरण सिंह ने बेटी को बाक्सर बनाने की ठानी और उसे अभ्यास के लिए खेल सेंटर में भेजना शुरू किया था। स्नेहा को देखकर गांव के 20 युवा भी अब बाक्सिंग सीख रहे हैं। स्नेहा पहले भी 2019 में रोहतक में हुई जूनियर नेशनल बाक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक। 2019 में गुरुग्राम में हुई राज्य स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक। 2019 में हुई स्कूल स्टेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक। 2020 में असम में हुए खेलो इंडिया में कांस्य पदक हासिल कर चुकी हैं।

Exit mobile version