हरियाणा में ग्रुप डी की भर्ती के लिए जुडी ये जरूरी शर्त, जानें नया नियम

कैथल : कैथल में खेल विभाग की तरफ से कुछ दिन पहले ही ग्रुप डी की भर्ती को लेकर हरियाणा के 2448 खिलाड़ियों की प्रतीक्षा सूची जारी की गई थी। सभी जिलों में खिलाड़ियों से ग्रेडेशन बनवाने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को नई खेल नीति 25 मई 2018 के अनुसार प्रमाण पत्र बनवाना होगा। अगर इस नए नियमों के तहत प्रमाण पत्र नहीं बना तो ग्रुप डी की नौकरी की दौड़ से बाहर हो जाएंगे। इस सूची में कैथल के 125 खिलाड़ी शामिल हैं।

इनमें से 35 खिलाड़ियों ने विभाग के पास आवेदन किया हुआ है। जिनके आवेदन आए हुए हैं उनकी वेरिफिकेशन संबंधित खेल एसोसिएशन से करवाने का कार्य शुरू हो चुका है। वेरिफिकेशन होने के बाद स्थानीय स्तर पर बनी कमेटी भी आवेदनों की जांच करती है। जांच पूरी होने के बाद अंबाला खेल विभाग के कार्यालय में ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। वीरवार को कैथल के दस खिलाड़ियों के ग्रेडेशन बनाए गए हैं। जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन, सीनियर बाक्सिंग प्रशिक्षक गुरमीत सिंह और डीलिंग मुकेश देवी आवेदनों को लेकर अंबाला पहुंची थी। ग्रेडेशन बनवाने के लिए खिलाड़ियों को 31 मार्च तक विभाग के पास आवेदन करना होगा। उसके बाद आवेदन नहीं लिए जाएंगे।

खेल कोटे में हुआ था 1518 युवाओं का चयन 

सरकार की तरफ से 2018 में करीब 18 हजार ग्रुप डी के पदों पर भर्ती निकाली थी। खेल कोटे के तहत 1518 युवाओं का चयन हो गया था। उसी समय नई खेल नीति लागू कर दी गई थी। जो खिलाड़ी नई खेल नीति को कवर नहीं करते थे, उन्हें नौकरी पर नहीं रखा गया था। सीटें रिक्त होने के बाद विभाग ने पहले प्रतीक्षा सूची में विभिन्न जिलों के 657 खिलाड़ियों को शामिल किया था। उसके बाद भी सीटें नहीं भरी तो दूसरी बार 2428 खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। जिन खिलाड़ियों ने खेल कोटे के तहत भर्ती में आवेदन किया था, उन सभी खिलाड़ियों को दूसरी सूची में शामिल कर लिया गया है।

दस युवाओं के बनवाए गए ग्रेडेशन प्रमाण पत्र

जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने बताया कि ग्रुप डी की नौकरी को लेकर दस युवाओं के ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाए गए हैं। विभाग के पास जो भी आवेदन आ रहे हैं उनकी वेरिफिकेशन करवाई जा रही है। 

Exit mobile version