दीपावली पर सरकार का सराहनीय प्रयास; कैदी और बंदी कर सकेंगे पूजा, कारागार में बनाई जाएगी खीर-पूरी व बांटे जाएंगे लड्डू

सोनीपत : जेल में दीपावली की शाम को कैदियों को खास भोजन दिया जाएगा। उनके खाने में खीर-पूरी शामिल होगी और लड्डू भी बांटे जाएंगे। इसके साथ ही कैदियों को पूजा का विशेष अधिकार मिलेगा। उनको देर शाम तक खुला रखा जाएगा। जेल की सज्जा कैदियों द्वारा तैयार सामान से ही की जाएगी।

दीपावली पर सभी घरों में विशेष भोज तैयार किए जाते हैं। लोग अपनी क्षमता के अनुसार मिठाई और पकवान बनाते हैं। एक दूसरे को दीपावली की बधाई देकर मिठाई का वितरण किया जाता है। घरों की सफाई करने के साथ ही उनको विशेष रूप से सजाया जाता है। इसके विपरीत जेल में बंद लोगों को रोजाना की ही तरह खाना मिलता है। कई लोग जेल में बंद अपने परिचितों को खाने का सामान घरों से पहुंचाते हैं।

सोनीपत जेल प्रशासन ने बाहर से खाना-मीठा लाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। इस मौके पर जेल में भोजन में खीर-पूरी दिया जाएगा। सभी बंदियों-कैदियों को मावे के चार-चार लड्डू बांटे जाएंगे। जेल में पूजा स्थल देर शाम तक खुला रहेगा। उसमें पूजा करने की छूट दी जाएगी। जेल की दीवारों को रोशनी से सजाया जाएगा, लेकिन जेल में अंदर इलेक्ट्रिक सजावट नहीं की जाएगी। अंदर रंगोली, झालर व पेपर से तैयार फूलों से सजावट की जाएगी।

कारागार में बंदियों-कैदियों के साथ मिलकर दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। खाने में खीर-पूरी और मिठाई दी जाएगी। इसके लिए अलग से कोई बजट आवंटित नहीं किया गया है। महीने में मिलने वाले विशेष भोज, फल व दूध के बजट से दीपावली का खाना तैयार किया जा रहा हैं। कारागार के अंदर सभी कैदी परिवार की तरह हैं। – सतविंदर गोदारा, जेल अधीक्षक- सोनीपत।

Exit mobile version