गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री खट्टर का संकल्प-2024 तक हर हाथ को काम और प्रदेश होगा बेरोजगारी मुक्त

अम्बाला : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर अपनी महान सांस्कृतिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों पर चलते हुए राष्ट्र और हरियाणा को स्वच्छ, स्वस्थ और खुशहाल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने 2024 तक हर हाथ को काम देकर प्रदेश को बेरोजगारी मुक्त बनाने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री आज अंबाला के पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित 73वें गणतंत्रता दिवस समारोह में नागरिकों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अम्बाला शहर स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस लाइन ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज हम 73वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इस पावन पर्व पर आजादी के आंदोलन में त्याग, तप और बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन करते हैं। सन् 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ और भारत को विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बनने का गौरव हासिल हुआ। भारतीय संविधान हर भारतीय नागरिक की आत्मा की आवाज है। आज हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, इस दौरान हमने उल्लेखनीय प्रगति की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा गीता की धरती ही नहीं बल्कि इस धरा में राष्ट्र भक्ति और देश सेवा का भी जुनून है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित हुई गणतंत्र दिवस की झांकी में हरियाणा के इस जुनून का प्रदर्शन दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि अमर स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने की पहल की है। इसके साथ ही सिखों के दशम पातशाही श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहबजादे जोरावर सिंह व फतेह सिंह के शहीदी दिवस 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का भी ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को दिया जा रहा मान-सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों व उनके आश्रितों को पूरा मान-सम्मान दे रही है। इसी उद्देश्य को ध्यान में हुए स्वतंत्रता सेनानियों व उनकी विधवाओं को 25 हजार रुपये मासिक पेंशन देने के साथ-साथ शहीद सैनिकों, अर्ध सैनिकों के परिवारों को दी जाने वाली एक्स-ग्रेसिया राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। सरकार ने शहीदों के 345 आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि देश के लिए कुर्बानी देने वाले हरियाणा के वीर सपूतों के परिवारों को अमृत महोत्सव में सम्मानित किया जाएगा। इसमें 15 अगस्त 2023 तक जन-भागीदारी से 2 हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सबका साथ-सबका विकास सरकार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र की भावना के अनुरूप सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास का मूल मंत्र दिया है। हरियाणा सरकार इसी मूल मंत्र पर चलते हुए प्रत्येक देशवासी की सेवा कर रही है। हरियाणा एक-हरियाणवी एक के भाव से हर क्षेत्र और वर्ग का समान विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर जिले को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोडऩे के लिए 17 नए राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज खोला गया है। लघु व मध्यम उद्योगों के लिए खंड स्तर पर कलस्टर स्थापित किए जा रहे हैं।

Exit mobile version