देश के इन प्रदेश में आज मध्यम से तेज बारिश की संभावना, हरियाणा में भी बदलेगा मौसम

नई दिल्ली : हरियाणा में एक बार फिर मौसम में बदलाव आने वाला है। पिछले चार पांच दिनों की गर्मी के बाद अब फिर से मॉनसून सक्रिय होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने जल्द ही मौसम में बदलाव की संभावना जाहिर की है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, सामान्य ब्रेक मानसून की स्थिति 14 अगस्त तक और उसके बाद स्थितियां बदलने की संभावना है। बांग्लादेश से आंध्र प्रदेश तक फैले पूर्वी तट पर एक टर्फ रेखा बनने की संभावना है।

इसके प्रभाव में, 15 अगस्त को उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनेगा। यह मौसमी सिस्टम अधिक प्रभावी हो जाएगी और बाद के 48 घंटों में आंतरिक इलाकों की ओर बढ़ जाएगी। यह आगे मध्य भागों तक यात्रा कर सकता है और बाद में देश के उत्तरी भागों तक पहुंच सकता है।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम

मॉनसून ट्रफ अमृतसर, पटियाला, नजीबाबाद, फुरसतगंज, डेहरी, मालदा और फिर पूर्वोत्तर की ओर अरुणाचल प्रदेश की ओर जा रही है। बिहार और उससे सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-दक्षिणी ट्रफ रेखा बिहार पर बने चक्रवाती परिसंचरण से लेकर झारखंड और तटीय ओडिशा होते हुए दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और दूसरा उत्तरी गुजरात और इससे सटे क्षेत्र पर बना हुआ है।

 

पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल

पिछले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम के कुछ हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के एक या दो भागो और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।

शेष पूर्वोत्तर भारत, शेष बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा के 1-2 भागों, तटीय कर्नाटक, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। गुजरात, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि

अगले 24 घंटों के दौरान, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत, केरल के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुजरात, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु और आंतरिक महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।

Exit mobile version