Monsoon In Haryana – देश के इन राज्यों में आज भारी बारिश, हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून

हिसार : देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इधर हरियाणा में मानसून कमजोर पड़ गया है जिसके चलते अगले 6-7 दिनों तक लोगों को गर्मी सताएगी। मौसम विभाग ने इसके लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार
@10.08.2021
मॉनसून की टर्फ रेखा अमृतसर, कुरुक्षेत्र, मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, जलपाईगुड़ी से उत्तरपूर्व की तरफ अरुणाचल प्रदेश तक बनी हुई है जो अगले 24 से 48 घण्टों में हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ने की संभावना को देखते हुए राज्य में मॉनसूनी हवाएँ कमजोर हो जाने से मानसून ब्रेक की सिथति बनने की संभावना बन रही है।

जिससे हरियाणा राज्य में मौसम 17 अगस्त तक आमतौर पर परिवर्तनशील रहने, बीच- बीच में हवाएँ चलने की संभावना है। इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम

मानसून की रेखा फिरोजपुर, रोहतक, बरेली, गोरखपुर, पटना, धुबरी और फिर पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश की ओर जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।

एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में है। पाकिस्तान के मध्य भागों और उसके आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल

पिछले 24 घंटों के दौरान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के मध्य भागों, रायलसीमा के कुछ हिस्सों, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के 1-2 हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।

शेष पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, कोंकण और गोवा, केरल, हरियाणा, पंजाब पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेशमें हल्की से मध्यम बारिश हुई। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल और आंतरिक ओडिशा में हल्की बारिश हुई।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि

अगले 24 घंटों के दौरान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्से तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

शेष पूर्वोत्तर भारत, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, विदर्भ के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्से, दक्षिण गुजरात, दक्षिण तमिलनाडु, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से और तेलंगाना में हल्की बारिश संभव है।

Exit mobile version