पहले की लव मैरिज, 2 साल में दो बार करवाया गर्भपात; फिर निकाला घर से बाहर
पानीपत : बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार के स्वास्थ्यकर्मी ही अपनी पत्नी का गर्भपात करा रहे हैं। पानीपत शहर में ऐसा मामला सामने आया है। दो साल पहले लव मैरिज करने वाले ANM ने दो साल में पत्नी का दो बार गर्भपात करा दिया। इसके बाद पत्नी को घर से निकाल दिया। मामले में कई बार पंचायत हुई, लेकिन आरोपी पत्नी को घर ले जाने के लिए राजी नहीं हुआ। अब पीड़िता ने ANM पति और सास के खिलाफ महिला थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पानीपत के समालखा क्षेत्र के गांव नारायणा निवासी 30 वर्षीय शारदा ने बताया कि ANM का कोर्स करने के दौरान उसकी जान-पहचान गरीब दास नगर निवासी राहुल से हुई। करीब दो साल पहले दोनों ने परिजनों की सहमति से शादी कर ली। पति राहुल इसराना स्थित NC मेडिकल कॉलेज में ANM के पद पर तैनात है।
शादी के बाद वह पति के साथ रहने लगी। शादी के बाद से ही सास कम दहेज का ताना मारने लगी। तानों को अनसुना करके वह अपना जीवन काटती रही। लेकिन जब वह पहली बार गर्भवती हुई तो जांच के बाद पति ने जबरन गर्भपात करा दिया। दूसरी बार भी बिना मर्जी के ही पति ने गर्भपात करा दिया। सास बोली कि इससे हमे पोते की उम्मीद नहीं है।
गर्भपात के बाद पति धोखे से उसे उसके मायके छोड़कर चला गया। बोला कि 10 दिन बाद ले जाएगा। महीना बीतने पर भी पति लेने नहीं आया। इस संबंध में कई बार पंचायत हुई, लेकिन पति साथ रखने को तैयार नहीं हुआ। अब वह आधी उम्र में किसके साथ रहेगी। पति ने उसका जीवन बर्बाद कर दिया।
न्याय नहीं मिला तो लगा लूंगी मौत को गले
पीड़िता ने कहा कि वह पूरी तरह टूट चुकी है। पति और सास ने उसे कहीं का नहीं छोड़ा। वह अब भी पति के साथ रहना चाहती है। पिता मेहनत-मजदूरी करते हैं। उसका खर्च नहीं उठा सकते। पति साथ नहीं रख सकता तो उसका पूरा खर्च दे। पीड़िता ने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह मौत को गले लगा सकती है