हैफेड गोदाम में गेहूं की बोरियों पर पानी का छिड़काव करते 3 कर्मचारी गिरफ्तार, CM फ्लाइंग ने रेड में रंगे हाथ पकड़ा

सोनीपत : सोनीपत के गांव माहरा में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने हैफेड के गोदाम पर रविवार सुबह छापेमारी की। गोदाम में कर्मचारी समर्सिबल चलाकर गेहूं की बोरियों पर पानी का छिड़काव कर रहे थे।

सीएम फ्लांइग ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार और डीएसपी अजीत की अगुवाई में छापेमारी की और मौके से तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। कर्मचारी गेहूं का वजन बढ़ाकर सरकारी अनाज को गोलमोल करते थे।

हैफेड इंचार्ज का नाम आया

पूछताछ करने पर इन कर्मचारियों ने बताया कि वे तो अधिकारी का आदेश मान रहे थे। हैफेड इंचार्ज देवेंद्र ढुल ने उनको पानी डालने को बोला था। कर्मियों ने बताया कि ​​​​​​​सुरसी और कीड़ों की दवाई का छिड़काव करने के बाद वे गेहूं के कट्‌टों को पानी से भिगो देते थे। गोदाम में रखे हजारों कट्‌टों पर पानी डाला जाता था। इसको लेकर अब थाना मोहाना में केस दर्ज किया गया है।

जहर बना रहे थे गेहूं को

हैफेड में गेहूं के स्टॉक की सप्लाई मिड डे मील और सरकारी राशन डिपो में की जाती थी। पानी के छिड़काव से गेहूं खराब हो रही थी, बावजूद इसके इनको सप्लाई कर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे थे। कीड़ा मार दवाई और पानी के छिड़काव से गेहूं जहर बन रहा था। इससे लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।

अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई

डीएसपी अजीत सिंह ने बताया कि थाना मोहाना में केस दर्ज कराया गया है। पकड़े गए कर्मचारियों से पूछताछ में जो जो जानकारी मिली है, उसको वेरिफाइड किया जा रहा है। जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी होगा, सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा था।

 

Exit mobile version