चंद मिनटों में ढह गया 2 मंजिला मकान; छत पर बैठे परिवार के 6 सदस्य गिरे नीचे
जींद : गांव थुआ में मंगलवार देर शाम दो मंजिला मकान गिरने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग तथा पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे में दबे परिवार वालों को बाहर निकाल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अलेवा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव थुआ निवासी कपूर सिंह का मकान कड़ियों का बना हुआ है। मंगलवार को कपूर सिंह परिवार के सदस्य मकान की दूसरी छत पर बैठे हुए थे। तभी अचानक से मकान गिर गया। जिसके चलते कपूर सिंह परिवार नीचे आकर गिरा और इसमें कपूर सिंह को हल्के चोट आई जबकि किरण, जन्नत, कुसुम घायल हो गई।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे मैं फंसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में परिवार बाल-बाल बच गया।किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। सभी घायल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।