सिरसा के तीन दोस्तों की अनूठी पहल : बिना दहेज शादी करने वालों से फोटोग्राफी के नहीं लेंगे रूपए

चोपटा (सिरसा) : आज के समय में देखा जाए तो हमारा समाज और देश दिन दुगनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में भी पहले से बहुत ज्यादा सुधार हुआ है। लेकिन इसके साथ-साथ बुराइयां भी बढ़ रही हैं। दहेज प्रथा भी इन्हीं बुराइयों में से एक है। जिसने वर्तमान में विकराल रूप धारण कर रखा है। हमें यह खबरें रोज देखने और सुनने को मिल जाती है कि दहेज के लोभियों ने आज एक और बेटी की जान ले ली, क्योंकि दहेज प्रथा आज समाज के हर वर्ग में फैल चुकी है। लेकिन खेड़ी गांव के तीन दोस्तों ने दहेज प्रथा के खिलाफ एक अभियान की शुरुआत की है।

उन्होंने बताया कि हम विवाह शादियों में फोटोग्राफी का काम करते हैं। खेड़ी गांव में हमारी कृष्णा स्टूडियो फोटोग्राफी की दुकान है। जिसको अजय सिंह, दीप नागर और मंगल सिंह मिलकर चलाते हैं। अजय सिंह ने कहा कि दहेज लेना और देना दोनों ही बुराई है। दहेज जैसी कुप्रथा को खत्म करने के लिए हम सबको एक साथ आगे आने की आवश्यकता है, तभी इस बुराई से निजात पाया जा सकता है।

भविष्य में अगर कोई भी व्यक्ति बिना दहेज के शादी करता है तो कृष्णा स्टूडियो द्वारा उनके पूरे विवाह की फोटोग्राफी बिना किसी फीस के फ्री में की जाएगी। अगर कोई व्यक्ति शादी में दहेज लेने की मांग करता है तो उस व्यक्ति की शादी में किसी भी कीमत पर कृष्ण स्टूडियो द्वारा वीडियोग्राफी का काम नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर हम सब साथ मिलकर इस कुप्रथा के विरुद्ध लड़ाई लड़ेंगे तो एक दिन इसे जड़ से उखाड़ देंगे। अजय सिंह द्वारा दहेज प्रथा के विरुद्ध उठाए गए इस कदम की खेड़ी गांव के सभी ग्रामवासियों ने सराहना की।

Exit mobile version