सिपाही का पेपर देकर आ रहीं लड़कियों की बस पलटी, शराब पीकर चला रहा था चालक, देखने खौफनाक तस्वीरें

यमुनानगर : महिला सिपाही की परीक्षा देकर सिरसा की लड़कियां यमुनानगर से वापस आ रही थी। सिरसा पहुंचने से पहले ही बस डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। यह बस यमुनानगर के लिए बुक की गई थी। बस पलटने के बाद चालक और परिचालक दोनों ही शीशा तोड़कर फरार हो गए और उन्होंने बस से सवारियों को निकालने का प्रयास ही नहीं किया।

मौके पर उपस्थित लोगों ने सवारियों को बाहर निकाला और उसी दौरान पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल सवारियों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। खैरपुर पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं।

बस में सवार हंसराज ने बताया कि बस की लाइटें खराब थी। चालक-परिचालक दोनों ने शराब पी ली थी, कुरुक्षेत्र के बाद बस की लाइट खराब को लेकर चालक से कहासुनी हुई थी, लेकिन वह नहीं माना। तेज रफ्तार चलाने को लेकर कुछ सवारियों ने बस के मालिक को फोन कर इसकी जानकारी दी तो उसने भी कहा कि डर लगता है तो पीछे बैठ जाओ।

पुलिस को फोन करने की धमकी दी तो ड्राइवर ने गाड़ी रोकी और लाइटें ठीक की, लेकिन इसके बाद भी गाड़ी को तेज स्पीड से चलाने के मामले में सवारियों से फिर कहासुनी हुई। सिरसा पहुंचने पर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

पुलिस ने मौके से बस को उठाने के लिए जेसीबी बुलाई है। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त सभी परीक्षार्थी नींद में थे। घायलों में ममता रानी पुत्री हंस राज गांव पंजुआना, किरण पुत्री मनी राम कुस्सर, बिंदु रानी पुत्री गुरचरण सिंह गांव झिड़ी, शर्मिला रानी पुत्री राम चन्द्र गांव खारियां, पूजा पुत्री बंसी लाल पंजुआना शामिल हैं। सभी का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इनके अलावा कविता रानी पुत्री धोलू राम गांव फरवाई कलां, मनिद्र रानी पुत्री तुलसा राम, ज्योत्सना रानी पुत्री महेंद्र सिंह गांव ढुकडा, हंस राज पुत्र राम लाल, शशि सुमन पुत्री राम गोपाल घोडावाली, हिमांशी पुत्री सुंदर लाल सिरसा और संदेश रानी पुत्री राम चंद्र बणी को भी हादसे में चोटें आई। इनको भी अस्पताल में दाखिल कराया गया

Exit mobile version