समुद्र में तूफान: इन राज्यों की ओर बढ़ रहा चक्रवात ‘असानी’, भारी बारिश का अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान असानी का असर दिखना शुरू हो गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवात ‘असानी’ के अगले कुछ घंटों में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। यह आज शाम या कल सुबह तक आंध्र और ओडिशा के तट तक पहुंचेगा।

चक्रवात असानी बुधवार को चक्रवात तूफान के रूप में कमजोर होकर आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि इसके चलते ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है। गुरुवार की सुबह तक इसके डिप्रेशन में बदल जाने की उम्मीद है।

हालात को देखते हुए ओडिशा सरकार ने कहा है कि कुछ दक्षिणी जिलों में भारी बारिश के अलावा राज्य पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। राज्य सरकार ने पांच जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है क्योंकि इनके चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका ज्यादा है। ये जिले मलकानगिरि, कोरापुट, रायगढ़, गंजम और गजपति हैं। मछुआरों को 12 मई तक समुद्र में न जाने को कहा गया है।

ओडिशा के स्पेशल रिलीफ कमिश्नर पीके जेना ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निरटने के लिए ओडशा आपदा रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीएआरएफ) की 60 यूनिट और फायर सर्विस की 132 टीमों को तैनात किया गया है। दूसरी ओर, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने चक्रवात असानी से प्रभावित होने वाले इलाकों में बचाव व राहत कार्य के लिए 50 टीमें तैनात की हैं।

एनडीआरएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि इनमें से 22 टीमों को पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में तैनात किया गया है। वहीं, 28 टीमों को इन राज्यों में अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है।

अगले 3-4 दिनों तक लू की स्थिति 
वरिष्ठ आईएमडी वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि आज तक पश्चिम राजस्थान और विदर्भ में लगभग 7-8 स्टेशनों पर 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है। लू चल रही है और यह अगले 3-4 दिनों तक जारी रहेगी। पश्चिम मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लू की स्थिति बन सकती है।

13 से 14 मई तक दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में लू की स्थिति विकसित हो सकती है। एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 16 मई के आसपास आ रहा है, और उसके बाद दिल्ली में बारिश की संभावना है। ‘असानी’ चक्रवात अब पूर्व की ओर बढ़ गया है, यह अब मछलीपट्टनम के पूर्व में है। आज, तटीय आंध्र प्रदेश में अत्यधिक भारी वर्षा होगी, रेड अलर्ट जारी किया गया है, कल अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होगी, ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाएगा। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के लिए येलो अलर्ट है।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट
चक्रवात असानी के चलते खास तौर पर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के पुरी के एडिशनल एसपी मिहिर कुमार पांडा ने बताया, असानी के कारण तेज हवाएं चल रही हैं और ऊंची लहरें उठने लगी हैं। इसके मद्देनजर तटीय क्षेत्रों के आसपास रह रहे लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, पुलिस बलों और सभी स्टेशनों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से कई उड़ानों को भी रद्द किया गया है।

Exit mobile version