रोहतक नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रधान और उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
रोहतक : हरियाणा के रोहतक जिले में नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रधान और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला किया गया है। हमले में प्रधान की पत्नी और बेटा घायल हुए हैं। बेटे को पीजीआई रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। आरोपियों के खिलाफ पुरानी सब्जी मंडी थाने में शिकायत दी गई है।
रविवार की सुबह करीब 9 बजे हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ नगर निगम इकाई के प्रधान संजय बिड़लान के पाड़ा मोहल्ला स्थित आवास पर लाठी-डंडों से लैस करीब 6 आरोपी पहुंचे और हमला बोल दिया। प्रधान बिड़लान का आरोप है कि शनिवार की रात भी दो आरोपी उनके घर आए थे।
दो दिसंबर को पालिका कर्मचारी संघ का त्रि-वार्षिक चुनाव होना है। इसी चुनाव की रंजिश में यह हमला होने के आरोप प्रधान बिड़लान ने लगाए हैं। वहीं संगठन के महासचिव श्रवण बोहत ने बताया कि सोमवार को पूरे प्रकरण में आपातकालीन बैठक होगी। यदि तत्काल ही कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा फैसला लेंगे।
शनिवार रात को दो आरोपियों ने दी थी धमकी
प्रधान का आरोप है कि उसके आवास पर शनिवार को दो आरोपी आए और उन्होंने कहा कि चुनाव में बेवजह के मुद्दे उठा रहे हो। इस बार तुम्हें बख्शेंगे नहीं। धमकी भी दी। रविवार की सुबह हमला होगा, ऐसी कोई भनक नहीं थी। सुबह करीब 9 बजे छह बदमाश पहुंचे। उस वक्त घर में बेटा तनिष्क और पत्नी मोनिका के अलावा प्रधान मौजूद थे। गेट खुला हुआ था तो हमलावर सीधे घर में घुस आए। उन्होंने धमकी देते हुए हमला बोल दिया। बचाव में आए पड़ोसियों को गंभीर चोट लगी हैं।
दो दिसंबर को है चुनाव
प्रधान संजय बिड़लान ने यूनियन के पदाधिकारियों और कालोनी वालों को घटना की सूचना दी। इस दौरान मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने घटना पर रोष जताया। महासचिव श्रवण बोहत ने कहा कि 2 दिसंबर को चुनाव है। मौजूदा प्रधान लगातार तीन बार से तीन-तीन साल के लिए प्रधान रहे हैं। इसलिए दूसरा गुट घबराया हुआ है। जीतने के लिए कई हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। सभी आरोपियों की तत्काल गिफ्तारी को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ।