Rain In Haryana: हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश की संभावना

बहादुरगढ़ : Rain In Haryana: हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बाद मौसम का मिजाज बदला। लोगों को ठंड से राहत मिली और तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। सूरज दादा के दर्शन भी प्रतिदिन होने लगे। अब फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। हिसार, सहित हरियाणा के कई जिलों में बारिश की संभावना है। अगामी शुक्रवार और रविवार को बारिश की संभावना जताई जा रही है। 

कई दिनों से धूप खिली होने से क्षेत्र में ठंड कम हुई है। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, मगर 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली शीतलहर ने लोगों को बीच-बीच में ठंड का एहसास जरूर कराया। मौसम में हर रोज हो रही तब्दीली से लोग खासे परेशान हैं। हर रोज बदल रहे मौसम से क्षेत्र के किसान काफी चिंतित हैं। किसानों की चिंता जायज भी है। कई दिनों तक चमक के साथ निकली धूप के बाद एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आगामी शुक्रवार व रविवार को बारिश की संभावना बन गई है। शुक्रवार को 50 प्रतिशत तो रविवार को 30 प्रतिशत बारिश की संभावना है।

गेहूं की फसल खराब हो रही है

बहादुरगढ़ के कई गांवों में पिछले दिनों हुई बारिश से ही खेतों में जल भरा हुआ है। गेहूं की फसल खराब हो रही है। किसानों संगठनों की ओर से 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा मांगा जा रहा है। ऐसे में और भी बारिश होती है तो यहां किसानों को काफी नुकसान होने की संभावना है। इन दिनों सरसों की फसल पककर तैयार खड़ी है। कभी भी कटाई हो सकती है। ऐसे में बारिश के साथ अगर ओले गिरे तो नुकसान बढ़ सकता है। 

उपमंडल कृषि अधिकारी डा. सुनील कौशिक ने बताया कि अगले सप्ताह फिर से बारिश के आसार हैं। क्षेत्र में बारिश से काफी नुकसान पहले भी हो चुका है। अगर अब भी बारिश होती है तो यह निचले क्षेत्र की फसलों के काफी नुकसानदायक होगी।

Exit mobile version