Rain Alert Haryana: हरियाणा, दिल्ली सहित इन राज्यों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

करनाल,Rain Alert Haryana, Weather Update Today 27 July: मानसून के प्रभाव से लगातार अच्छी वर्षा के आसार हैं। पूर्वानुमान के अनुरूप मानसून टर्फ रेखा उत्तर की ओर शिफ्ट हो रही है। इसके चलते 27 जुलाई से समूचे उत्तर भारत में वर्षा गतिविधियों में वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। खासकर, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान आदि राज्यों में लगातार बारिश की संभावना है।

करनाल में आसपास के अन्य जिलों की तुलना में मानसून और सावन का दौर होने के बावजूद अपेक्षित बरसात नहीं हो रही है। हालांकि, बुधवार से इस स्थिति में बदलाव की संभावना बनी हुई है। वही, देश के विभिन्न हिस्सों की बात करें तो पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हुई। वहीं पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम और असम और मेघालय में भी कमोबेश यही स्थिति रही।

मौसम में इस वजह से होगा बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण पाकिस्तान और उससे सटे कच्छ पर स्थित होने के साथ ही संबंधित चक्रवाती परिसंचरण ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुकते हुए मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। जबकि मानसून ट्रफ की स्थिति भी बनी है, जो अब धीरे-धीरे उत्तर की ओर शिफ्ट हो रही है। इसी के परिणामस्वरूप कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम और आसपास के उत्तर-पूर्व अरब सागर पर स्थित होने के कारण अब तीन दिन तक यही स्थिति बनी रहेगी। नतीजतन, 27 जुलाई से उत्तर भारत में वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होना तकरीबन तय है।

इन राज्यों में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश और बिहार में 28 से 30 जुलाई तथा उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा व चंडीगढ़ में 27 से 30 जुलाई तक तीव्र वर्षा की संभावना है। 28 व 29 जुलाई को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी वर्षा के आसार हैं। वहीं राजधानी दिल्ली में 31 जुलाई और 1 अगस्त को बारिश की संभावना जताई जा रही है। दक्षिण राजस्थान में भी कमोबेश यही स्थिति रहेगी। पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन-चार दिन के दौरान मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत में गरज व बिजली गिरने के साथ कहीं व्यापक तो कहीं मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा 29 और 30 जुलाई को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी वर्षा होने के आसार हैं।

Exit mobile version