हरियाणा में ट्रैन के डिब्बे में पुलिस कर्मचारी कर रहा था छेड़-छाड़, यात्रियों ने पकड़ किया पुलिस के हवाले

कैथल: कैथल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में यात्रियों ने पुलिसकर्मी को एक महिला के साथ शौचालय में पकड़ा। हालांकि बाद में महिला ने पुलिस कर्मी पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। जिसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी यात्री की शिकायत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि सोमवार की रात दस बजे जयपुर-दौलतपुर चौक इंटरसिटी ट्रेन कैथल रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। इस दौरान एक यात्री रितेश कुमार ने पुलिसकर्मी जसवंत सिंह को ट्रेन के शौचालय में महिला के साथ देख लिया। जिसके बाद उसके साथ ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने पुलिसकर्मी को पकड़कर कर राजकीय रेलवे पुलिस को सौंप दिया।

महिला चंडीगढ़ से जयपुर जा रही थी। यात्रियों का आरोप था कि पुलिसकर्मी महिला के साथ गलत काम करने की मंशा से शौचालय में घुसा था। परंतु यात्रियों को इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मौके पर ही पुलिसकर्मी को पकड़ लिया।   महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिसकर्मी उसे पकड़कर शौचालय में ले गया था। इस दौरान उसने गलत काम करने की मंशा से उसके साथ छेड़खानी की। परंतु उस समय ट्रेन में मौजूद यात्रियों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसे पकड़ लिया। जिसके बाद कैथल की जीआरपी चौकी में पुलिस को सौंप दिया। जबकि पुलिस कर्मी का कहना है कि वह पहले शौचालय गया था, उसके पीछे-पीछे महिला आ गई और बाहर से किसी ने दरवाजा बंद कर दिया। फिर दरवाजा खोलते हुए लाेगों ने उसके साथ ही मारपीट की।

राजकीय रेलवे पुलिस के कैथल चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि कुछ यात्रियों ने एक पुलिसकर्मी को महिला के साथ छेड़खानी करते हुए ट्रेन में पकड़ा था। इस पर यात्री रितेश कुमार की शिकायत पर पुलिसकर्मी के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version