पेंशन बनी टेंशन, दो माह से टकटकी लगाए बैठे लोग, क्या कहते हैं अधिकारी? देखें

अंबाला : अंबाला में 1 लाख 33 हजार 52 पेंशनर के लिए उनकी पेंशन ही टेंशन बन गई है। दो माह से ज्यादा समय से इन लोगों को कोई भी भत्ता नहीं मिलने के कारण अब घर चलाना दुश्वार हो गया है। इन बुजुर्गों की न तो जनवरी माह में पेंशन आई न ही फरवरी माह में। दिसंबर में आखिरी बार पेंशन आई थी। पेंशन नहीं आने से सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना ऐसे बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और लाडलियों को करना पड़ रहा जिनका खर्चा पेंशन से ही चलता है।

जानिए किस वर्ग के कितने पेंशनर हो रहे प्रभावित

स्कीम का नाम — — — — -सामान्य वर्ग — — एससी — — बीसी — -कुल

बुजुर्ग पेंशनर्स — 39264 — — 17280 — -22463 — -79007

दिव्यांग पेंशनर्स — 4873 — -1957 — -2040 — -8870

विधवा पेंशनर्स — 19783 — -7480 — -7438 — -34701

आर्थिक रूम से अक्षम बेसहारा बच्चे — 2980 — -2151 — -2037 — -7168

लाडली योजना लाभार्थी — -1422 — — 559 — -781 — — 2762

स्कूल न जाने वाले अक्षम बच्चे — — 208 — -159 — -168 — — 535

किन्नर — — -05 — — -00 — — 00 — -05

बौना पेंशनर्स — — 03 — -00 — — 81 — — 04

एक भी रुपया पेंशन का नहीं आया

बुजुर्ग विनय धीमान ने बताया कि दो महीने से एक भी रुपया पेंशन का नहीं आया। मुझे 9 स्टंट डल चुके हैं। चलने फिरने में असहज हूं। मेरी पत्नी और मेरी पेंशन आती है उसी से घर का गुजारा और दवाएं आती हैं। एक महीना तो जैसे-तैसे पूरा हो गया लेकिन अब तो राशन के भी लाले पड़ गए हैं।

बुजुर्ग महिला निर्मला देवी ने बताया कि मुझे हार्ट की बीमारी है। ज्यादा चल-फिर भी नहीं सकती। 2500 रुपये पेंशन की खाते में आ जाते थे लेकिन दिसंबर के बाद अब तक कोई भी रुपया नहीं आया। अपने वार्ड के एमसी से भी बात की थी वो भी यही कहते हैं कि सोमवार को बात करूंगा।

सत्या देवी ने बताया कि विधवा पेंशन आ रही थी उससे गुजर-बसर चल रहा था। लेकिन दो महीने से पेंशन नहीं आ रहा। बेटा भी कुछ नहीं करता। 70 साल की हो चुकी हूं। मजदूरी कर रोजी-रोटी चला रही हूं। लेकिन सरकारी सहायता के बिना अब गुजर-बस बहुत मुश्किल हो गया है।

सरकार खाते में डालती है पेंशन

जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सरकार लगभग एक साल से खुद ही पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम से सभी लाभार्थियों के खाते में पेंशन डालती है। अब जिलास्तर से पेंशन खातों में नहीं डाली जाती। दिसंबर और जनवरी दो महीने की पेंशन अभी रूकी हुई है। इस बारे में फाइल चली हुई है। उम्मीद है कि इसी माह सभी लाभार्थियों की पेंशन उनके खाते में आ जाएगी।

Exit mobile version