रोहतक में शादी का झांसा देकर तीन दिन घर पर बिना ब्याही दुल्हन, चौथे दिन ये काण्ड कर हुई फरार

रोहतक : हरियाणा के रोहतक जिले के गांव मदीना के युवक को शादी का झांसा देकर करीब डेढ़ लाख की ठगी व चोरी का मामला सामने आया है। पंजाब की एक 30 वर्षीय महिला तीन दिन पीड़ित के घर रही, लेकिन चौथी दिन चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर नकदी व जेवरात लेकर चंपत हो गई। पीड़ित पुलिस के चक्कर काटता रहा। अब गृहमंत्री अनिल विज के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की है। इस संबंध में बहुअकबरपुर थाने में दो महिलाओं सहित चार को नामजद किया गया है।


पुलिस के मुताबिक मदीना गांव निवासी श्रीकृष्ण ने दी शिकायत में बताया कि उसने गांव में बारबर की दुकान कर रखी है। पिता गुजर चुके हैं, जबकि मां बुजुर्ग है। गांव के एक दंपती ने उसे झांसा दिया कि वे डेढ़ लाख रुपये में उसकी शादी पंजाब में करवा देंगे। आरोपी उसे पंजाब के जालंधर में ले गए। वहां पर एक 30 वर्षीय महिला को दिखाया। बोले इसे पहले घर ले चल।

वहां पर कोर्ट मैरिज करवा देंगे। गांव पहुंचकर उसे कहा कि चार दिन यह महिला घर पर आपके पास रहेगी। इसके बाद शादी करेगी। चार दिन बाद रात करीब 10 बजे आरोपी दंपती व एक अन्य उसके घर आए और महिला से आधा घंटे तक अकेले में बात की। फिर महिला ने चाय पिलाई। चाय पीने से उसे गहरी नींद आ गई। सुबह चार बजे उसकी आंख खुली। उठा तो देखा महिला गायब थी।

साथ में पीड़ित का मोबाइल फोन, 50 हजार की नकदी, कानों के बाले व दूसरा सामान भी ले गई। वह सुबह आरोपियों के घर पहुंचा, लेकिन आरोपी दंपती नहीं मिले। इसके बाद आरोपियों से बात हुई तो उन्होंने कहा कि महिला दो-तीन दिन में आ जाएगी। बार-बार टालते रहे। फिर कोरोना संक्रमण काल आ गया। अब नकदी व सामान मांगा तो आरोपी धमकी दे रहे हैं। मामले की सूचना पुलिस को की थी।

बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने दोनाें पक्षों को बुलाया था। आरोपी पक्ष ने चार दिन में सामान वापस देने की बात थाना प्रभारी के सामने कही, लेकिन अब तक सामान नहीं दिया। आखिर में पीड़ित ने गृहमंत्री अनिल विज को शिकायत भेजी। पुलिस ने आरोपी पवन, प्रवीण, पवन की पत्नी व पंजाब की महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Exit mobile version