इनेलो का जल्द होगा जजपा में विलय, मिलेंगे पुराने साथी- बोले दिग्विजय चौटाला

फतेहाबाद : जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव व फतेहाबाद जिले में सदयस्ता अभियान के प्रभारी दिग्विजय सिंह चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने फतेहाबाद की जाट धर्मशाला में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पार्टी का यह सदस्यता अभियान 13 अप्रैल तक एक महीने जारी रहेगा।

दिग्विजय ने पांच राज्यों के चुनाव परिणामों पर कहा कि बिखराव के कारण कांग्रेस की हार हुई है। इनेलो पर भी दिग्विजय सिंह ने कहा कि इनेलो का जल्द ही जेजेपी में विलय हो जायेगा, हमें पुराने साथियों को जेजेपी में मिलाना है। इससे पहले दुष्यंत चौटाला भी यह बात कह चुके हैं।

जेजेपी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन की ओर से जिन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसे वह पूरी ईमानदारी, लगन व मेहनत के साथ पूरा करेंगे तथा दिन रात मेहनत करके पार्टी संगठन को और ज्यादा मजबूत किया जाएगा। पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाकर नए सदस्य बनाए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली ने कहा कि फतेहाबाद जिले के तीन हल्के है प्रत्येक हल्के में पांच हजार कार्यकर्ता बनाएं जाएंगे। इस के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का झंडा लगाएंगे व पार्टी की कल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 10 महीने की जेजेपी पार्टी ने सत्ता में भागीदारी की और आज प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जनकल्याण के कार्यों में लगे हुए हैं और जन-जन के कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Exit mobile version