सोनीपत में जहरीली गैस का दिखा भीषण रूप: 30 महिलाएं बेसुध, मच हड़कंप

सोनीपत : हरियाणा के गन्नौर में हुंडई मेंटल कंपनी में स्क्रैप पिघलाते समय बड़ा हादसा हो गया। गैस चढ़ने से करीब 30 महिलाएं बेसुध हो गईं। सभी महिलाओं को आसपास के निजी अस्पताल व सीएचसी गन्नौर में कराया गया है, जहां दो को हालत नाजुक होने पर खानपुर पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं इस घटना आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही गन्नौर के डीएसपी जोगेंद्र राठी, सीएमओ डा. टीना आनंद समेत पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बेसुध महिलाओं को चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई। हादसे की छानबीन चल रही है। बताया गया है कि गन्नौर के गांव पांची गुजरान रोड पर हुंडई मेंटल के नाम से डीआई सिटी रोड पर एक फैक्ट्री है। इसमें विदेशों से डिस्पोजल का सामान आता है।

कंपनी में सामान की छंटाई के लिए 125 के करीब महिलाएं काम करती हैं। शनिवार सुबह भी यहां आम दिनों की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान कॉपर स्क्रैप पिघलाते समय जहरीली गैस महिलाओं के सिर में चढ़ गई और फिर वे एक के बाद बेहोश होती चली गईं। यह देखकर मौके पर मौजूद अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।

वहीं अन्य महिलाएं बाहर की तरफ दौड़ पड़ीं। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। गन्नौर के डीएसपी जोगेंद्र राठी भी मौके पर पहुंचे। कंपनी का मालिक दिल्ली निवासी संजय गर्ग है। प्रबंधक प्रदीप से पुलिस प्रशासन की टीम पूछताछ कर रही है। हेड मैनेजर मनोज शर्मा को भी बुलाया गया है। फिलहाल कंपनी में हालात कंट्रोल में बताए जा रहे हैं।

Exit mobile version