भीषण हादसा : नीलगाय से टकराकर बुलेट सवार लेक्चरर की मौत, नीलगाय ने भी तोड़ा दम

सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत से एक दुखद खबर आई है। यहां एक लेक्चरर की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि इस हादसे में जिस नीलगाय से टकरा कर लेक्चरर की मृत्यु हुई है, उस नीलगाय की भी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँच गई और जाँच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनीपत जिले के गोहाना बाईपास रोड पर गांव कुराड के पास सेक्टर 12 निवासी आनंद प्रकाश बुलेट बाइक से आ रहा था। जैसे ही वह गांव देवडू और कुराड़ गांव के पास से गुजरा तभी एक नीलगाय अचानक बाइक के सामने आई और बाइक नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि लेक्चरर आनंद प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

सोनीपत पॉलिटेक्निक में लेक्चरर था बाइक सवार
बताया जा रहा है कि मृतक आनंद प्रकाश सोनीपत पॉलिटेक्निक कॉलेज में लेक्चरर के पद पर तैनात था और किसी जरूरी काम से अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर गोहाना बाईपास से जा रहा था। तभी अचानक से सामने एक नील गाय आई और दोनों में टक्कर हो गई। इस टक्कर में नीलगाय की मौक़े पर ही मौत हो गई और आनंद प्रकाश बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों ने इस घटना की सूचना 112 कंट्रोल रूम में दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

इस मामले में बताते हुए जांच अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि उनके पास 112 नंबर पर कॉल आई थी कि एक शख्स का एक्सीडेंट हो गया है। हम वहां 5 मिनट में पहुंच गए तो देखा कि वहां एक व्यक्ति घायल अवस्था में था और पास ही नीलगाय का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में ही सोनीपत के अस्पताल में भर्ती करवाया जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

Exit mobile version