Haryana Weather Update : जम्मू से ठंडा रहा हिसार, चार डिग्री पहुंचा न्‍यूनतम तापमान

हिसार: Haryana Weather Update : हरियाणा में सर्दी अब चरम पकड़ेगी। ठंड बढ़ने के साथ ही मौसम में ठिठुरन भी बढ़ने लगी है। अब लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज करने लगे हैं। दिन में भी ठंड का अहसास लोगों को होने लगा है। मौसम का मिजाज बदलने के साथ शहर के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री लुढ़ककर 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

जम्मू शहर और माता वैष्णो देवी से ठंडा रहा जिला

अमूमन इस समय जम्मू में ठंड ज्यादा होती है। लेकिन अभी हिसार ने ठंड के मामले में इन्हें पीछे छोड़ दिया है। माता वैष्णों देवी की बात करें तो सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो हिसार से 2.5 डिग्री अधिक है।, वहीं जम्मू शहर का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बढ़ गई मूंगफली और गजक की डिमांड

ठंड बढ़ते ही शहर में मूंगफली और गजक व गर्म पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढऩे लगी है। हालांकि बीते वर्ष की अपेक्षा इस बार मूंगफली और गजक के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। मूंगफली विक्रेता सोमपाल ने बताया कि गत वर्ष गुजराती मूंगफली का खुदरा मूल्य 100 रुपये प्रति किलो था जो इस बार बीस रुपये बढ़कर करीब 120 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं राजस्थानी मूंगफली की कीमत 80 से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो हो गई है।

डा. मदन खीचड़ विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 15 दिसम्बर तक परिवर्तनशील परन्तु खुश्क बने रहने की संभावना है। राज्य में 14 व 15 दिसम्बर को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई भी हो सकती है। इस दौरान राज्य में हल्की गति से हवाएं चलने से दिन के तापमान में गिरावट हो सकती है।

Exit mobile version