हरियाणा: पौने तीन लाख लोगों कटी पेंशन, फॅमिली आईडी में अधिक आमदनी दिखानी पड़ी महँगी

चंडीगढ़ : हरियाणा में पिछले तीन साल के दौरान पौने तीन लाख बुजुर्गों की पेंशन रोकी अथवा काटी गई है। डबवाली से कांग्रेस विधायक अमित सिहाग के सवाल पर प्रदेश सरकार ने 2019 से अभी तक की पेंशन का आंकड़ा सदन के पटल पर रखा।

पेंशन कटौती करने या रोकने का यह मामला सरकार द्वारा शुरू किए गए परिवार पहचान-पत्र (पीपीपी) की शुरुआत के बाद हुआ है। पीपीपी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाने वालों लोगों ने अपनी आय अधिक दर्शाई है, जिसकी वजह से उनकी पेंशन रुकी या काटी गई है।

हालांकि प्रदेश सरकार इस आय राशि को ठीक करने का विकल्प पहले ही दे चुकी है और कह चुकी है कि साढ़े तीन लाख रुपये वार्षिक तक आय वाले लोगों को भी पेंशन देने का सरकार का इरादा है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव ने सोमवार को सदन में अपने लिखित जवाब में पहली जनवरी 2019 से लेकर 28 फरवरी 2022 तक का आंकड़ा पेश करते हुए विपक्ष को संतुष्ट करने की कोशिश की। यादव ने सदन में बताया कि 2 लाख 77 हजार 676 लोगों की पेंशन रोकी या काटी गई है।

हरियाणा में 60 साल की उम्र के बाद बुजुर्गों को वृद्धावस्था सम्मान पेंशन के रूप में 2500 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है। उन्हीं बुजुर्गों को पेंशन मिलती है, जिनकी सालाना आय दो लाख रुपये से कम है। सरकार ने दावा किया है कि पीपीपी पर रजिस्ट्रेशन के बाद सरकार ने केवल उन्हीं बुजुर्गों की पेंशन रोकी है, जिनकी सालाना आय साढ़े तीन लाख रुपये से ज्यादा है।

हरियाणा सरकार पेंशन के लिए तय आय की सीमा को बढ़ाकर साढ़े तीन लाख तक करने की तैयारी में है। विपक्षी दलों द्वारा विधानसभा में यह मुद्दा भी उठाया जा रहा है कि सरकार 60 साल से अधिक के सभी बुजुर्गों को पेंशन दे। इसमें सालाना आय की किसी तरह की शर्त नहीं होनी चाहिए।

पूर्व शिक्षा मंत्री व झज्जर की कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल के सवाल पर मंत्री ओमप्रकाश यादव ने बताया कि 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के उन दिव्यांगों को 2500 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है, जो 60 से 100 प्रतिशत तक दिव्यांग हैं।

वहीं, स्कूल न जा सकने वाले 18 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों को 1900 रुपये की आर्थिक मदद सरकार हर साल कर रही है।

जिला            आंकड़ा

पंचकूला         4204

अंबाला         16689

यमुनानगर     15210

कुरुक्षेत्र         13718

करनाल        18251

पानीपत        11791

सोनीपत        15262

झज्जर           11493

गुरुग्राम         7367

फरीदाबाद    9971

पलवल        10217

मेवात           7502

रेवाड़ी          10325

महेंद्रगढ़       12998

दादरी           6195

भिवानी         11988

 

Exit mobile version