सुनारिया जेल में हत्या समेत कई मामलों में दोषी उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी फरार: 20 अगस्त ‌को मिली थी पैरोल

रोहतक : हरियाणा की सुनारिया जेल रोहतक में हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई अन्य संगीन मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी पैरोल पर आकर फरार हो गया। कैदी तय समय में वापस पेश नहीं हुआ। कैदी की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान की जयपुर पुलिस से भी संपर्क किया गया है, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। रोहतक पुलिस ने उसके कई संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, मगर कुछ हाथ न लगा। सुनारिया जेल के सहायक अधीक्षक की शिकायत पर शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज हुआ है।

17 अक्टूबर को होना था पेश

राजस्थान के जयपुर जिले के विराटनगर निवासी दिनेश हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य कई संगीन मामलों में दोषी है और फिलहाल सुनारिया जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उसे 20 अगस्त से लेकर 11 सितंबर तक पैरोल पर छोड़ा गया था। जिसके बाद पैरोल की अवधि बढ़ाकर 16 अक्टूबर कर दी गई थी। उसे 17 अक्टूबर को जेल में पेश होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ।

इस तरह कई कैदी हुए हैं फरार

कोरोना संक्रमण के मामलों के बाद सुनारिया जेल से पैरोल पर काफी कैदी छोड़े गए थे, जिन्हें हाईकोर्ट के आदेश पर छोड़ा गया था। इसके बाद करीब 10 कैदी जेल में पेश नहीं हुए और फरार हो गए। कई कैदियों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।

Exit mobile version