आवाज दी, सम्मोहित किया…..गहने गायब; पानीपत में महिला को सम्मोहित कर लूटा

पानीपत : हरियाणा के पानीपत शहर में एक बुजुर्ग महिला को दो युवकों ने सम्मोहित करके ठग लिया। महिला दूध लेकर घर जा रही थी। इसी दौरान माता जी कह कर उसे रोका और फिर सम्मोहित कर दिया। सम्मोहित करके महिला से सोने की अंगूठी व कानों के चेन वाले टोपस लेकर दोनों फरार हो गए। सम्मोहन टूटने के बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 व 406 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

ठगों ने बोला था- माता जी, योगा क्लास कहा चलती है

8 मरला चौकी पुलिस को दी शिकायत में 58 वर्षीय शीला जैन ने बताया कि वह शक्ति नगर 8 मरला की रहने वाली है। बुधवार सुबह करीब 9:50 बजे वह 8 मरला स्थित अमन स्वीट्स से दूध लेकर अपने घर की तरफ गली में जा रही थी। इसी दौरान पीछे से एक युवक आया, जिसने पूछा कि माता जी योगा क्लास कहा चलती है। शीला ने कहा कि बेटे मुझे तो पता नहीं है।

इसके बाद वह उसके कहे अनुसार उसके पीछे-पीछे चल पड़ी। वहां एक और युवक आ गया। दोनों युवकों ने अपने विश्वास में लेकर महिला के कानों के चेन वाले टोपस, सोने की अंगूठी उतरवा ली। शीला का कहना है कि उसका दिमाग पूरी तरह कंफ्यूज हो गया था। वह उसी उलझे हुए दिमाग से किसी तरह घर वापस पहुंच गई। घर जाने के काफी देर बाद उसका सम्मोहन टूटा और उसे खुद के साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में पता चला।

जैसे ही उसे पता लगा कि दोनों युवकों ने उसके साथ विश्वासघात किया है, उसने इस बारे में पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। महिला अपने देवर और देवर के लड़के साथ चौकी पहुंची और दोनों अज्ञात ठगों के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज करवाया।

Exit mobile version