भारी संख्या में पुलिसबल तैनात, किसानों के विरोध का करना पड़ सकता है सामना; CM खट्‌टर की प्रेस कॉन्फेंस आज

ऐसे में आज मुख्यमंत्री का विरोध हो सकता है। वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी के लिए कमर कस ली है। शहर के मुख्य चौराहों पर पुलिसबल तैनात है और प्रेस क्लब को आने वाले हर रास्ते पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब के बाहर लगाया गया हरियाणा सरकार का बैनर।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खट्टर दोपहर 12 बजे तक प्रेस कॉन्फेंस को संबोधित कर सकते हैं। इसमें सीएम अपनी सरकार के 2500 दिनों की उपलब्धियां लोगों के सामने रखेंगे। हालांकि किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद उनके इस दौरे पर विवाद होने तय माना जा रहा है। किसी भी समय किसान जत्थेबंदियां प्रेस क्लब का घेराव करने पहुंच सकती है। इसी के मद्देनगर भारी संख्या में पुलिसकर्मी प्रेस क्लब व यहां आने वाले सभी रास्तों पर तैनात किए गए हैं। हर आने जाने वाले की चेकिंग की जा रही है।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब के बाद तैनात पुलिसकर्मी वाहन चालकों को रोकते हुए।

बता दें कि हरियाणा में भाजपा नेताओं को रोकने की कोशिश कर रहे किसानों पर शनिवार को लाठीचार्ज किया गया। करनाल में घरौंडा के पास बसताड़ा टोल प्लाजा पर पुलिस ने किसानों पर लाठियां भांजी। यहां किसानों ने टोल की दो-दो क्रॉसिंग छोड़कर बाकी रास्तों को बंद कर दिया था। लाठीचार्ज में कई किसानों का सिर फूटा और खून बहा। वहीं, पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए किसान खेतों में भाग गए। पुलिस ने 17 के करीब किसानों को हिरासत में भी ले लिया। इस घटना के बाद आक्रोश में आए किसानों ने राज्यभर में टोल बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि शनिवार देर शाम हिरासत में लिए किसानों की रिहाई के बाद किसानों ने टोल खोल दिए और वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।

प्रेस क्लब के बाहर मौजूद पुलिस की गाड़ियां।

वहीं लाठीचार्ज के खिलाफ पंजाब में भी किसानों के धरने प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। किसान यूनियनों की ओर से राज्यभर के टोल रविवार दोपहर 12 से 2 बजे तक जाम कर दिए गए। दो घंटे के दौरान लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पटियाला, बठिंडा जैसे बड़े शहरों के एंट्री पॉइंट बंद होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आम लोगों को बसों से उतर कर भीषण गर्मी में पैदल ही जाना पड़ा। इसके अलावा खन्ना, जगराओं, मुल्लांपुर दाखा, समराला और रायकोट में भी हाईवे जाम किया गया।



Exit mobile version