सीएम खट्टर बोले- सभी युवाओं को नहीं दे सकते नौकरी, सरकार 15 हजार भर्ती निकालती है जरूरत है 2 लाख की

भिवानी : सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हर युवक को नौकरी देना संभव नहीं है। सरकार हर साल दस-पंद्रह हजार पदों के लिए भर्ती करती है, जबकि हर साल दो लाख युवाओं को रोजगार की जरूरत है। इसकी पूर्ति के लिए सरकार ने स्वरोजगार से युवाओं को जोड़ने की पहल की है। इसमें पशुपालन एक कारगर व्यवसाय के रूप में उभर कर सामने आया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अभी जो अंत्योदय परिवारों के लिए मेले लगाए गए, उनमें 38 हजार आवेदनों में से 23 हजार पांच सौ आवेदन पशुपालन डेयरी के लिए आए हैं। सीएम रविवार को भिवानी मेंं 38 वीं प्रदेशस्तरीय पशुधन प्रदर्शनी को संबोधित कर रहे थे।

कृषि मंत्री जेपी दलाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पशुधन प्रदर्शनी का सफल आयोजन कोरोना महामारी के कारण दो साल बाद किया गया है। इसे हर साल आयोजित किया जाएगा। किसानों और पशुपालकों ने इस मेले को लेकर पूरा उत्साह दिखाया है। दो हजार बेहतर नस्ल के पशु इस मेले में लाए गए। जिनको देखकर अन्य किसानों को भी अपने पशु का खान-पान और नस्ल सुधार करने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंंने कहा कि प्रदेश में पशुपालन विभाग की ओर से एंबूलेंस सेवा के लिए 70 मोबाइल वैन शुरू की जाएंगी। उनका विभाग कृत्रिम गर्भाधान की विधि बकरियों के लिए भी आरंभ करने जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक सच्चा किसान हितैषी बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

समारोह में सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि खेलों में पदक, सेना में रहकर सीमा की रक्षा के अलावा आज यह मेला देखकर एहसास हुआ कि पशुपालन में भी हरियाणा का किसान मजबूत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जो किसान जैविक खेती करता है, उसको दस हजार रूपए प्रति एकड़ के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जाए।

Exit mobile version