Weather Updates: हरियाणा में कई जगह हुई झमाझम बरसात, गिरे ओले, गर्मी से मिली राहत

फतेहाबाद। Weather Updates : शनिवार दोपहर को मौसम ने एकाएक करवट ली और तेज आंधी के साथ ही जिले के कई हिस्सों में झमाझम बरसात हुई। इसके अलावा 10 से अधिक गांवों में ओलावृष्टि भी हुई। जिससे किसान सहम गए थे, लेकिन कुछ ही देर में ओलावृष्टि बंद होने के साथ ही किसानों ने राहत की सांस ली।

बरसात होने के कारण तापमान भी 7 डिग्री एकाएक गिर गया। पिछले 20 दिनों से जिलावासी भीषण गर्मी का सामना कर रहे थे, लेकिन शनिवार दोपहर को राहत मिल गई। वहीं जिले में 7 एमएम बरसात दर्ज की गई है। भट्टूकलां, रतिया व जाखल में हल्की बूंदाबांदी हुई है।

शनिवार दोपहर 1 बजे तक गर्मी इतनी अधिक थी कि तापमान 44 डिग्री पर पहुंच गया था। सुबह से उमस होने के कारण एकाएक मौसम बदल गया। दोपहर 3 बजे 30 किलोमीटर प्रति घंटे से आंधी चली और एकाएक बिजली गुल हो गई। आंधी के साथ ही गांव धांगड़, भूना, झलनियां, ढाणी माजरा, माजरा, भूथन, भिरडाना, नाढ़ोडी व गांव बड़ोपल में झमाझम बरसात हुई।

फतेहाबाद में सबसे अधिक बरसात इसी क्षेत्र में हुई। गांव भूथन में करीब 3 मिनट तक ओलो की बरसात होती रही। जिससे किसान सहम गए थे। लेकिन कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। अगर ओलावृष्टि अधिक होती तो नरमा की फसल तबाह हो सकती थी।

आंधी के कारण पूरे जिले में 2 घंटे बिजली रही प्रभावित

दोपहर 3 बजे आई आंधी के कारण 2 घंटे तक बिजली गुल रही। आंधी जिले के सभी क्षेत्रों में आई। जिससे तापमान में गिरावट आई थी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री पर था लेकिन बरसात के कारण शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी चार डिग्री की कमी के साथ 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जिले के कुछ गांवों में जैसे ही झमाझम बरसात हुई तो बच्चे नहाने के लिए गलियों में निकल पड़े।

नरमा की फसलों को मिली संजीवनी

गांव धांगड़ के किसान रामस्वरूप, विजय सिंह, रामनिवास व सुरजीत सिंह ने बताया कि बरसात न होने के कारण नरमा के पौधे झुलस रहे थे। अब बरसात होने से ये पौधों में बढ़ोतरी हो जाएगी और झुलसे भी नहीं। किसानों ने बताया कि पिछले साल 18 मई को बरसात हुई थी। किसानों ने बताया कि कुछ समय ओले आए थे, लेकिन इतने अधिक नहीं थे कि जिससे नुकसान हो सके।

अब जाने आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों की माने तो आने वाले दो दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। ऐसे में गर्मी से राहत मिल सकती है। इस बार पहली बार होगा जब नौतपा में गर्मी से राहत मिलेगी। पिछले साल नौतपा में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा था और जून महीने में बरसात हुई थी। मौसम विशेषज्ञों की माने तो 23 मई तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा और तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा।

फतेहाबाद शहर में नहीं गिरी एक भी बूंद

फतेहाबाद शहर के चारों तरफ बरसात हो रही थी, लेकिन शहर में एक भी बूंद नहीं गिरी। शहर में आंधी जरूर आई। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आसपास बरसात होने से शहरवासी भी हैरान थे। शहर में आंधी आने के कारण कई होर्डिंग सड़क पर आ गिरे। जिससे वाहन चालक भी बच गए। शहर में जगह-जगह हाेर्डिंग लगे हुए है। ऐसे में अगर किसी दिन तेज आंधी आई तो नुकसान हो सकता है।

अगले दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

शनिवार दोपहर बाद जिले में कुछ जगह पर अच्छी बरसात हुई। जिससे तापमान में गिरावट आई है। अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। बरसात होने से नरमा की फसल का फायदा हुआ है। तापमान गिरने से गर्मी से राहत अवश्य मिली है।

-डा. राजेश सिहाग, उप निदेशक कृषि एवं कल्याण विभाग।

Exit mobile version