प्रदेश में दिवाली के बाद पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे स्कूल, शिक्षा विभाग ने तैयार किया प्रपोजल

चंडीगढ़ : प्रदेश के सभी स्कूलों को दिवाली के बाद पूरी क्षमता के साथ खोलने की तैयारी की जा रही है। अभी 50% हाजिरी के साथ स्कूल चल रहे हैं। कूलों का समय अभी साढ़े तीन घंटे है, लेकिन पूरी क्षमता के साथ खुलने के बाद एक माह तक यही समय रहेगा। इसके बाद स्कूलों का समय बढ़ाया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, स्कूलों में फिलहाल मिड-डे-मील नहीं बनेगा बच्चे घर से लाकर खा सकेंगे। स्कूलों में अभी विद्यार्थियों की हाजिरी 70 से 75% के बीच है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को खोलने के लिए प्रपोजल तैयार कर लिया है। इसे सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। स्कूल खोलने से पहले त्योहारी सीजन में कोरोना के केसों को ध्यान में रखा जाएगा।

गौरतलब है कि कोरोना के दौरान स्कूल बंद थे, लेकिन पहले 10वीं और 12वीं के स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया था। इनके बाद अन्य कक्षाओं के स्कूल खोले गए थे। शिक्षा अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में करीब 80% टीचर्स ने कोरोना वैक्सीन लगवा ली है। अब पहले की अपेक्षा स्कूलों में विद्यार्थियों की हाजिरी भी ठीक हो गई है।

51 लाख से अधिक विद्यार्थी हैं

प्रदेश में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 51 लाख से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्राइवेट स्कूलों में पहली से 12वीं कक्षा तक 25.64 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। जबकि, सरकारी स्कूलों में करीब 25.44 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं।

स्कूल के बाद आंगनबाड़ी केंद्र भी खोलने की योजना बनेगी

सूत्रों के अनुसार, पूरी क्षमता के साथ स्कूल खोलने के बाद आंगनबाड़ी खोलने की भी योजना बनेगी। पिछले काफी समय से प्रदेश की करीब 25962 आंगनबाड़ी बंद हैं। कोरोनाकाल में आंगनबाड़ी का राशन फिलहाल बच्चों को घर पर ही दिया जा रहा है।

80% टीचर्स को लगी वैक्सीन

स्कूलों को फुल स्ट्रेंथ के साथ खोलने की तैयारी की जा रही है। विभाग के अधिकारियों ने इस संदर्भ में बैठक की है। जल्द ही प्रपोजल सरकार के पास भेजा जाएगा, स्कूल खोलने से पहले त्योहारी सीजन में कोरोना केसों को ध्यान में रखा जाएगा, सरकार की मंजूरी के बाद ही स्कूल खुलेंगे। -जे गणेशन, निदेशक, शिक्षा विभाग,

Exit mobile version