रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी में एक लड़की को ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करने की वारदात सामने आई है। आरोपी युवक ने पीड़िता की इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी फोटो भी डाल दी। उसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

महिला थाना पुलिस के अनुसार आरोपी राजस्थान के अलवर जिला निवासी सचिन स्कूल में पीड़िता के साथ पढ़ता था। तभी से वह उसे जानता था। आरोप है कि एक दिन वह उसे बहला फुसलाकर एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया। उसके बाद आरोपी ने पीड़िता की कुछ फोटो भी खींच ली। साथ ही इंस्टाग्राम पर उसके नाम से फर्जी आईडी बना दी। इंस्टाग्राम पर फोटो डालने की धमकी देकर आरोपी ने उसके साथ काई बार दुष्कर्म किया। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने जान से मारने की भी धमकी दी।
आरोपी की धमकियों से परेशान पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। शुक्रवार को परिजनों के साथ पीड़िता महिला थाना पहुंची, जहां आरोपी सचिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। महिला थाना पुलिस ने सचिन के खिलाफ धारा 376, 354D,506 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी हैं।