बड़ी खबर: हरियाणा कांग्रेस के कई नेता पुलिस हिरासत में, क्या है मामला ? जानें

चंडीगढ़ : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांंग्रेस की राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष सोनिया गांधी व पार्टी पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी को समन देकर बुलाने के खिलाफ हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने चंडीगढ़ और दिल्‍ली में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।  प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और इनका इस्‍तेमाल कांग्रेस व अन्‍य विरोधी नेताओं के खिलाफ इस्‍तेमाल कर रही है।

चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के अध्‍यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सड़कोंं पर उतरे। इस दौरान उन्‍होंने ईडी कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन सेक्‍टर नौ के पास चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर उन्‍हें आगे बढ़ने से रोक दिया। कांग्रेस नेताओं के आगे जाने की जिद करने के बाद पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शन के दौरान हरियाणा कांग्रेस अध्‍यक्ष उदयभान ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ईडी व अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर कांग्रेस अध्‍यक्षा सोनिया गांधी और राहुल गांधी को परेशान कर रही है। कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक मोदी सरकार के नापाक इरादों को उजागर करेगी।

उदयभान ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता झूठे मुकदमे और केंद्र सरकार की तानाशाही से नहीं डरने वाले हैं व इसका जमकर विरोध करेंगे। उन्‍होंने कहा कि दरअसल मोदी सरकार को विपक्ष की आवाज से बुरी तरह घबरा गई है और इसी कारण तानाशाही पर उतर आई है।

पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय से प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। इसी दौरान चंडीगढ़ पुलिस द्वारा कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया।दूसरी ओर , दिल्‍ली में भी हरियाणा के कांग्रेस नेताओं प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्‍ली पुलिस ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस मुख्यालय जाने से रोका। उधर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेतों को दिल्‍ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गिरफ़्तारी के बाद पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव और दीपेंद्र हुड्डा सहित कई नेताओं को हिरासत में लेने के बाद पुलिस बस में ले गई।

Exit mobile version