फतेहाबाद के गांव मेंं तूड़ी के कमरे में घुसा मिला तेंदूआ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप, एक घायल

फतेहबाद : फतेहाबाद के गांव कुक्कड़ावाली में बुधवार सुबह तेंदूआ घुस आया। इस बात की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इस तेंदूआ का पीछा भी किया। जिसे वह एक तूड़ी के कमरे में जा छिपा। इस घटना की सूचना लोगों ने स्थानीय पुलिस व वन विभाग को दी। वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वहीं जाली आदि लगाकर इसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया तो तेदुए ने एक व्‍यक्ति पर हमला कर घायल कर दिया। घायल व्‍यक्ति का सरकारी अस्‍पताल में इलाज करवाया जा रहा है। वहीं बड़ी मशक्‍कत के बाद नशे का इंजेक्‍शन देकर तेदुंए को पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार फतेहाबाद शहर से 15 किमी दूर गांव कुक्कड़ावाली में बुधवार सुबह तेंदूआ घुसने की सूचना पुलिस को मिली। पहले स्थानीय पुलिस चौकी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा तो एक तूड़ी के कमरे में तेंदूआ जैसा जानवर दिखाई दिया। घटना की सूचना वन्य जीव विभाग के अधिकारियों को दी। टीम के अधिकारी डाक्टर के साथ मौके पर पहुंच गए। फिर यह भी पुष्टि हो गई कि वह तेंदुआ ही है। गांव में तेंदूआ आने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। हर कोई अपने घरों की छत पर बैठ गया।

ग्रामीणों की लग गई भीड़

फतेहाबाद जिले में तेंदूआ आने की पहली घटना है। गांव में कुछ लोगों ने सुबह तेंदूआ देखा तो हड़कंप मच गया था। यहीं कारण है कि ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने के बाद गांव के बीच में बने तूड़ी के कमरे में यह छिप गया। ऐसे में अगर यह बाहर रहता तो किसी को नुकसान भी पहुंच सकता था।

हिसार वन विभाग टीम ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही मंडलीय वन्य प्राणी अधिकारी वेदपाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने माना है कि यह तेंदूआ ही लग रहा है। फिर जब देखा तो यह साबित भी हो गया। इसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि गांव के पास नहर लगती है। ऐसे में नहर किनारे से होता हुआ यह गांव में आ गया है। इसे अब जंगलों में छोड़ा जाएगा।

Exit mobile version