हरियाणा बोर्ड ने जारी की इन परीक्षाओं की Date Sheet, 15 फरवरी से हैं Exams

भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा प्रवेश वर्ष-2019 व 2020 के डीएलएड प्रथम वर्ष एवं प्रवेश वर्ष- 2019 के द्वितीय वर्ष ( रि-अपीयर ) की परीक्षाओं का संचालन 15 फरवरी, 2022 से करवाया जा रहा है। इन परीक्षाओं का तिथि-पत्र बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपलोड कर दिया गया है। बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि डीएलएड प्रथम वर्ष व डीएलएड द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षाएं 15 फरवरी से आरम्भ होकर 25 फरवरी, 2022 तक चलेंगी। ज्ञात रहे कि ये परीक्षाएं 5 जनवरी, 2022 से आरम्भ होनी थी, कोविड-19 महामारी के कारण इन परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया था।

इन परीक्षाओं का समय दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक तथा 25 फरवरी, 2022 को संचालित होने वाली परीक्षाओं का समय दोपहर 2:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक रहेगा। उन्होंने आगे बताया कि इसके अतिरिक्त बाह्य प्रायोगिक परीक्षा सम्बन्धित जिले की डाइट में तथा भिवानी जिले के छात्र-अध्यापकों की बाह्य प्रायोगिक परीक्षा डाइट बिरही कलां (चरखी-दादरी) में संचालित होंगी।

इसके अतिरिक्त डी.एल.एड. छात्र-अध्यापकों की आन्तरिक प्रायोगिक परीक्षा सम्बन्धित शिक्षण संस्थानों में 09 फरवरी से 14 फरवरी, 2022 तक संचालित करवाई जाएंगी। सम्बन्धित डाइट व शिक्षण संस्थान बाह्य व आन्तरिक प्रायोगिक मूल्यांकन के अंक ऑनलाइन भरने हेतु 09 फरवरी, 2022 से बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर विजिट करें।

Exit mobile version