गुरमीत राम रहीम की आज हो सकती है जेल वापसी, अनुयायियों ने सिरसा किया रात भर इंतज़ार

सिरसा : डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह रविवार शाम के बाद सुनारिया जेल लौट सकता है। डेरा प्रमुख बीती सात फरवरी को 21 दिनों की फरलो पर बाहर आया था। जिसके बाद उसे 28 फरवरी को लौटना है, लेकिन डेरा प्रमुख निर्धारित समय से एक दिन पहले ही जेल पहुंच रहा है। उधर शनिवार रात को डेरा प्रमुख के सिरसा आने की खूब चर्चाएं रही। सैंकड़ों डेरा अनुयायी डेरा प्रमुख का इंतजार करते रहे। डेरे में भव्य लाइटिंग व दीये जलाए गए थे। डेरा अनुयायियों को उम्मीद थी कि फरलो अवधि के दौरान डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह सिरसा आएगा। परंतु ऐसा नहीं हुआ। डेरा प्रमुख ने फरलो का समय गुरुग्राम बिताया। वहां नामचर्चा घर में डेरा प्रमुख अपने परिवारजनों के अलावा डेरा प्रबंधकों से मिला।

सोमवार को डेरे में होगा बड़ा आयोजन

28 फरवरी को डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय में बड़ा आयोजन होना है। शाह सतनाम महाराज के गुरु गद्दीनशीनी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही है। आयोजन में बड़ी तादाद में डेरा अनुयायी भाग ले सकते हैं। इसके साथ ही यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि पूर्व की भांति इस बड़े आयोजन में भी डेरा प्रमुख का लेटर अनुयायियों के नाम आए। डेरा अनुयायियों में यह भी चर्चा है कि डेरा प्रमुख का हाल का वीडियो भी आ सकता है।

21 दिनों से कर रहे थे डेरा अनुयायी इंतजार

डेरा प्रमुख की फरलो के बाद से ही चर्चाएं थी कि डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह सिरसा आएगा। डेरा अनुयायी उसके आने का इंतजार कर रहे थे। डेरा परिसर को सजाया गया था तथा दीये जलाए जा रहे थे परंतु अब फरलो में एक दिन से पहले ही डेरा प्रमुख के वापस जेल जाने के निर्णय से डेरा अनुयायियों को कुछ हताशा हुई है। डेरा अनुयायियों का मानना है कि डेरा प्रमुख ने कानून के नियमों की पालना की है और इसी लिए वो फरलो खत्म होने से पहले ही वापस लौट रहा है।

Exit mobile version