फैक्ट्री में काम के दौरान महिला श्रमिक की चलती मशीने में फंसी साडी, हुई दर्दनाक मौत

बहादुरगढ़ : शहर के पुराने औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में बुधवार की देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान मशीन में फंसने से महिला श्रमिक की मौत हो गई। महिला की मौत से आहत कर्मचारियों ने फ़ैक्ट्री में हंगामा कर दिया।

मृतका की पहचान करीब 37 वर्षीय नीलावती पत्नी गुलाब चंद के रूप में हुई है। वह बिहार के बक्सर की निवासी थी। पिछले कुछ समय से बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में रह रही थी। वह ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक कंपनी में काम करती थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर शाम को वह मशीन के आसपास साफ सफाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी साड़ी का कुछ हिस्सा मशीन में उलझ गया। जब तक कुछ समझ पाती देर हो चुकी थी। वह मशीन की चपेट में आ गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

आस-पास मौजूद श्रमिकों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही सेक्टर 6 थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया। इस घटना के बाद से श्रमिकों में रोष है। बताते हैं कि गुस्साए श्रमिकों ने फैक्ट्री में रोष व्यक्त किया। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। सेक्टर-6 थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में मशीन में आने से एक महिला की मौत हुई है। मामले में जांच चल रही है। जो भी शिकायत मिलती है, उस आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Exit mobile version