कांग्रेस को हरियाणा में मिला तगड़ा झटका, इस सीनियर नेता ने थामा आम आदमी पार्टी का हाथ

चंडीगढ़ : पंजाब में बंपर जीत के बाद आम आदमी पार्टी (आप) हरियाणा में भी तेजी से पांव पसार रही है। सोमवार को भाजपा को झटका देेने के लिए आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को कांग्रेस को झटका दिया है। हरियाणा में कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा का दो बार चुनाव लड़े पूर्व विधायक राजकुमार ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। राजकुमार ने 1991 में विधायक बने थे। आप से राज्यसभा सदस्य और हरियाणा के सह प्रभारी सुशील गुप्ता ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। उनके अलावा कांग्रेस और भाजपा के कुछ अन्य स्थानीय नेताओं ने भी आप की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

इससे पहले सोमवार को पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सैनी, हरियाणा कांग्रेस के उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, गुरुग्राम से पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल, पानीपत के समालखा से पूर्व विधायक रविंद्र कुमार को नई दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, राज्यसभा सदस्य एनडी गुप्ता और हरियाणा प्रभारी डाक्टर सुशील गुप्ता ने पटका व टोपी पहनाकर पार्टी में शामिल कराया था। उमेश अग्रवाल का 2019 में भाजपा ने टिकट काट दिया था। तब से अग्रवाल भाजपा से नाराज चल रहे हैं।

कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा के भी बदले सुर

पंजाब में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित चार अन्य राज्यों में भाजपा की जीत के बाद फरीदाबाद एनआइटी क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा भी अलग सुर में बोलने लगे हैं। नीरज ने चंडीगढ़ में सार्वजनिक रूप से कहा कि कांग्रेस हाईकमान के पास हरियाणा में पार्टी के 31 विधायकों से भी मिलने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि वे बगावती तेवर में नहीं है बल्कि अपनी बात रख रहे हैं। वे कांग्रेस में ही रहेंगे। पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जा रहे।

Exit mobile version