हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड: इस दिन से यहाँ मिल पाएंगी कक्षा-6 से 10 तक की इतिहास की नई पुस्तकें

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 6 से 10वीं तक की इतिहास की नई पुस्तकें प्रकाशित होकर बोर्ड मुख्यालय में आ गई हैं। ये पुस्तकें अब 23 मई सोमवार से बोर्ड के क्षेत्रीय पाठ्य पुस्तक बिक्री सेवा केंद्रों अम्बाला, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद एवं रोहतक में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। शिक्षा बोर्ड से सम्बद्ध विद्यालयों के मुखिया स्कूल के लैटर पैड पर आवश्यकता अनुसार विद्यार्थियों की संख्या लिखकर सीधे पुस्तकें प्राप्त कर सकते हैं। सेवा केंद्रों पर पूर्व में प्रकाशित अन्य विषयों की पुस्तकें भी उपलब्ध हैं।

एजेंसी के लिए पंजीकरण 2 जून तक

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि अब हरियाणा के विद्यार्थी इतिहास को भारतीय दृष्टिकोण से पढेंगे और भारतीय होने पर गौरवान्वित महसूस करेंगे। उन्होंने आगे बताया कि खुदरा पुस्तक विक्रेताओं को एजेन्सी लेने के लिए 23 मई से 2 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। जिन पुस्तक विक्रेताओं ने पूर्व मे ऑनलाइन पंजीकरण करवा रखा है, उन्हें दोबारा पंजीकरण करवाने की आवश्यकता नहीं है।

5 हजार रुपए सिक्योरिटी

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि पुराने खुदरा पुस्तक विक्रेता जिन्होनें अभी तक ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करवाया है, उनके लिए अब ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के लिए 5000 रुपए की धरोहर राशि और 500 रूपए पंजीकरण शुल्क जमा करवाना होगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकृत पुस्तक विक्रेताओं की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। जो विद्यार्थी/अभिभावक पाठ्य पुस्तकें खरीदने के इच्छुक हैं, वे बोर्ड की वेबसाईट पर पंजीकृत पुस्तक विक्रेताओं का नाम, पता व मोबाइल नम्बर देख सकते हैं।

Exit mobile version